Himachal Weather Update : हिमाचल के कुल्लू में सुबह-सुबह बादल फटने से मची तबाही, 9 गाड़ियां बहीं, 1 व्यक्ति की मौत, स्कूल और कई घरों में भरा पानी
Khari Khari News :
Himachal Weather Update : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बार फिर बादल फटने की घटना सामने आई है, जिस ने पुरे जिले में तबाही मचाई है। यह घटना सोमवार सुबह 3.55 बजे कुल्लू के रायसन में कैस गांव के पास हुई है। यहां पर बादल फटने से फ्लैश फ्लड आया है। फ्लश फ्लड में बहने से एक शख्स की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य घायल है। 9 गाड़ियां पानी में बह गईं। यह घटना राज्य में भारी बारिश के बाद हुई। मारे गए व्यक्ति की पहचान चंसारी गांव के बादल शर्मा के रूप में की गई है और तीन लोग वाहन में बह जाने के कारण घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बचाव और पुलिस दल घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं। रास्ते में एक स्थान पर सड़क अवरुद्ध है, उसके लिए एक जेसीबी तैनात की गई है। जानकारी के अनुसार, भारत मौसम विभाग ने रविवार को हिमाचल प्रदेश समेत चार राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया हैं। IMD ने ट्वीट किया कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 17 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल में भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिससे भूस्खलन, अचानक बाढ़, सड़कों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, कुल्लू के ही खराहल में भी आधी रात को बादल फटा, नाले में बाढ़ से नेउली स्कूल और कई घरों में पानी भर गया। एक गाड़ी भी चपेट में आई है। दिल्ली में यमुना नदी का वाटर लेवल लगातार घट रहा है। वहीं उत्तराखंड और UP के कई जिलों में अब गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। रविवार को हरिद्वार में गंगा का जलस्तर 293.15 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जबकि खतरे का निशान 294 मीटर है।
नदी से सटे हुए इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। देवप्रयाग में गंगा नदी 20 मीटर और ऋषिकेश पहुंचते-पहुंचते 10 सेमी बढ़ गई। वाराणसी और प्रयागराज में घाट डूबने लगे हैं। कुछ छोटे मंदिरों में पहले ही पानी भर चुका है। उधर दिल्ली में सोमवार सुबह 8 बजे तक यमुना का वाटर लेवल 205.50 मीटर तक पहुंच गया। पिछले तीन घंटे तक यह 205.45 के लेवल तक रिकॉर्ड किया गया था।
हिमाचल प्रदेश में बाढ़ की वजह से जिन लोगों के घर पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं, उन्हें 1 लाख 45 हजार रुपए दिए गए हैं। वहीं, जिनके घरों का कुछ हिस्सा टूटा है, उन्हें 1 लाख रुपए दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 26 लोगों की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें : Wimbledon Winner 2023 : कार्लोस अल्काराज ने नोवाक जोकोविच को हराकर खिताब जीता
Connect with Us on | Facebook