हरियाणा और पंजाब में NIA रेड से हड़कंप, 15 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी जारी

 | 
nia

Haryana News:  नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा में 15 जगहों पर रेड की। NIA की रेड को सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर खालिस्तानी समर्थकों द्वारा किए गए हमले से जोड़कर देखा जा रहा है।

पंजाब में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के साथी के घर रेड हुई। वहीं हरियाणा के कुरूक्षेत्र में स्वीट शॉप मालिक के यहां जांच की गई। फिलहाल NIA की तरफ से रेड को लेकर कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है।

कुरूक्षेत्र में खालिस्तानी फंडिंग के शक में सलारपुर रोड पर रेड हुई। यहां एक स्वीट हाउस पर NIA की टीम ने सुबह 6 बजे आकर 5 घंटे तक मालिक से पूछताछ की। जिसके बाद टीम दिल्ली लौट गई।

पंजाब के गुरदासपुर के गांव बुल्लेवाल में रेड हुई। यहां NIA की टीम ने कृपाल सिंह के घर की जांच की। सूत्रों के मुताबिक कृपाल सिंह असम की डिब्रुगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह का साथी बताया जा रहा है।

मोगा के चाड़िक के गांव झंडेवाला में बुधवार सुबह जांच एजेंसी ने गुरलाभ सिंह के घर में रेड की। NIA के साथ लोकल पुलिस भी मौजूद रही। टीम ने गुरलाभ सिंह की पत्नी हरप्रीत कौर से करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की। जांच एजेंसी ने उन्हें 24 नवंबर को चंडीगढ़ बुलाया है।

गुरदासपुर में कृपाल सिंह के घर में NIA की रेड हुई। जिस दौरान लोकल पुलिस भी सुरक्षा के लिए मौजूद रही।

लुधियाना के खन्ना में में पूर्व MLA सिमरजीत सिंह बैंस के करीबी रहे लोक इंसाफ पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सरबजीत सिंह सीआर कंग के घर और नशा मुक्ति केंद्र पर दबिश दी गई। एनआईए की टीम सुबह करीब 6 बजे बाहोमाजरा गांव स्थित सीआर कंग के घर पहुंची।

वहां करीब 3 घंटे तक लंबी जांच चली। कंग के विदेशी लिंक खंगाले गए। वहां पूछताछ के बाद सीआर को साथ लेकर एनआईए की टीम जीटी रोड भट्टियां स्थित उनके नशा मुक्ति केंद्र पर पहुंची। यहां भी करीब आधा घंटा जांच चली। इसके बाद एनआईए की टीम रवाना हो गई।

बता दें कि एक दिन पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र से मलक सिंह को गिरफ्तार किया था। मलक सिंह ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर 27 सितंबर को दिल्ली ISBT पर खालिस्तान के समर्थन में दीवारों पर नारे लिखे थे। इसके अलावा उसे पन्नू ने क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल मैच से पहले भी दिल्ली एयरपोर्ट सहित कई दूसरी जगहों पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखने का टास्क दिया था।

पन्नू प्रतिबंधित ‘सिख फॉर जस्टिस’ का प्रमुख है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में पंजाब में छापेमारी जारी है। कश्मीरी गेट फ्लाईओवर पर खालिस्तान के समर्थन में और भारत विरोधी नारे लिखे पाए जाने के बाद पुलिस ने 27 सितंबर को एक FIR दर्ज की थी।

National

Politics